
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर किच्छा में निकाले गए भव्य नगर कीर्तन का सांसद प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन जल्होत्रा ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नगर कीर्तन में शामिल पंच प्यारों एवं संगत का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
नगर कीर्तन के स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वातावरण गुरु नानक देव जी के जयकारों और भक्ति भाव से सराबोर नजर आया। वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन जल्होत्रा ने गुरु साहिब के चरणों में नमन करते हुए उनके बताए आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विपिन जल्होत्रा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने हमेशा प्रेम, समानता, भाईचारे, सत्य और निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का मार्ग दिखाया। आज आवश्यकता है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मानवता को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर स्वागतकर्ता शोभित शर्मा, हरीश खानवानी, शरन संधू, वीरेंद्र गंभीर, अनिल जल्होत्रा, पंजाबी महासभा अध्यक्ष राजा सुखीजा, देवेंद्र सेतिया, राजीव आहूजा, गौरव अरोरा, नितेश बाला, किशन गोयल, सुरेंद्र सिंह गंगवार, अमृतपाल रंधावा, राहुल सिंह, जग्गू सिंह, नवजोत सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।























