
– एसएसपी अजय गणपति से मुलाकात कर ऑडियो प्रकरण की जांच में तेजी लाने की मांग, कहा– कोर्ट की जांच में सहयोग करें पूर्व विधायक, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य एवं रुद्रपुर नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल से जुड़े ऑडियो प्रकरण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से उनके रामपुर रोड स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात कर प्रकरण की जांच में तेजी लाने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान मीना शर्मा ने कहा कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का महिलाओं के प्रति अपमानजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणियों के ऐसे एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं। स्वयं उनके खिलाफ भी पूर्व विधायक द्वारा आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी की गई, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
श्रीमती शर्मा ने कहा कि करीब तीन वर्ष पूर्व वायरल हुई ऑडियो को पूर्व विधायक कभी एआई से तैयार बताकर तो कभी अन्य तर्क देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते रहे हैं। अब जब न्यायालय की ओर से वॉइस सैंपलिंग के लिए नोटिस जारी किया गया है, तो उनके द्वारा जांच से बचने का प्रयास किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पूर्व विधायक वास्तव में निर्दोष हैं, तो फिर उन्हें अपनी आवाज का नमूना देने और जांच में सहयोग करने से आखिर किस बात का डर है?
मीना शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि आरोपों से बचने के लिए बयानबाजी करने के बजाय पूर्व विधायक को न्यायालय में उपस्थित होकर वॉइस सैंपलिंग की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। यदि वह स्वयं को निर्दोष मानते हैं तो जांच से पीछे हटने के बजाय सामने आएं, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मीना शर्मा को आश्वस्त किया कि वह मामले की गंभीरता को समझते हैं और प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर सरोज रानी, श्वेता शर्मा, मंजू जैन, पूनम गुप्ता, यादो देवी कोली, भूरी देवी कोली, इंद्रावती, सुनीता सैनी, बबिता मौर्य, किरण चौधरी, कमला, लक्ष्मी, सुमन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



























