
– पंचूर व हरिद्वार में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर सीधे राजधानी पहुंचे मुख्यमंत्री
– व्यक्तिगत पीड़ा को हृदय में समेटे कर्तव्य पथ पर अडिग रहे मुख्यमंत्री योगी*
– केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी मंच से की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर्तव्यनिष्ठा की सराहना
– इंडिया नज़र ब्यूरो लखनऊ – मातृशोक की गहरी व्यक्तिगत पीड़ा को हृदय में समेटे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक बार फिर राजधर्म और जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। शनिवार की सुबह एक बेटे के रूप में अपनी मां को नम आंखों से अंतिम विदाई देने के कुछ ही घंटों बाद, शाम को वह एक कर्मयोगी शासक के रूप में राजधानी लखनऊ लौट आए और 25 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
शनिवार शाम मुख्यमंत्री लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह-2026’ में शामिल हुए। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ मंच साझा कर प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी इस कठिन व्यक्तिगत घड़ी में उनके समर्पण को रेखांकित किया।

इससे पूर्व शनिवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर और हरिद्वार में अत्यंत भावुक क्षण देखने को मिले। अपनी 91 वर्षीय माता सावित्री देवी के निधन के बाद मुख्यमंत्री ने सुबह पंचूर में पारंपरिक रस्में पूरी कर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अर्थी को कंधा दिया। सुबह करीब 11:30 बजे हरिद्वार के चंडीघाट पर छोटे भाई महेंद्र मोहन द्वारा मुखाग्नि दिए जाने के पश्चात योगी आदित्यनाथ ने चिता की परिक्रमा कर मां को अंतिम प्रणाम किया।
निजी जीवन के सबसे बड़े दुख के क्षणों में भी बिना रुके, बिना थके जनता की सेवा में जुटे रहना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस संकल्प को दर्शाता है, जहां हर परिस्थिति में केवल लोककल्याण और कर्तव्य ही सर्वोपरि है।
























