
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – धौरा जलाशय में पानी की अधिकता से सैकड़ों गन्ना किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलाशय के आसपास करीब 50 लाख क्विंटल गन्ने की फसल दो से चार फीट पानी में डूबी हुई है। चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने की तैयारी के बीच किसान अपनी फसल की कटाई नहीं कर पा रहे हैं।
कई दिनों से पानी की निकासी की मांग कर रहे किसानों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। किसानों ने धौरा जलाशय के समीप एकत्र होकर संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और तत्काल पानी निकासी की मांग उठाई। किसानों ने चेतावनी दी कि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

किसानों की शिकायत पर भाजपा युवा नेता नरेंद्र सिंह टाकुली सैकड़ों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों के फोन बंद मिले।
इसके बाद टाकुली ने मुख्यमंत्री के निजी सचिव से फोन पर वार्ता कर जलाशय की स्थिति से अवगत कराया और तत्काल पानी निकासी की मांग उठाई। मुख्यमंत्री के निजी सचिव ने जल्द पानी निकासी कराने तथा किसानों को नुकसान से बचाने का भरोसा दिया। साथ ही मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

फिलहाल किसान जलाशय से पानी की निकासी का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने से पहले पानी नहीं निकाला गया तो महीनों की मेहनत बर्बाद हो सकती है और सैकड़ों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।


























