
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – भारत की जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां और जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार की सही एवं आवश्यक जानकारी दर्ज कराएं और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का एक महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार ही सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है और उनका लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करे। स्व-गणना की सुविधा से लोग बिना किसी परेशानी के घर बैठे अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
राजेश प्रताप सिंह ने नगरवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी लोग निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना अवश्य करें और परिवार के सभी सदस्यों की सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना में दर्ज प्रत्येक सही जानकारी देश के बेहतर भविष्य, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने नगरवासियों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह का कहना है कि “जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त सही जानकारी के आधार पर ही शासन-प्रशासन जनहितकारी योजनाओं का बेहतर ढंग से निर्धारण और क्रियान्वयन कर पाता है। इसलिए मैं किच्छा के समस्त नगरवासियों से अपील करता हूं कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे स्व-गणना अवश्य करें और अपने परिवार की सही जानकारी दर्ज कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।”

























