
– वैध हरभगवान आनंद
कब्ज के कारण रोगी को बार-बार दस्त जाना पड़ता है। पेट साफ ना होने के कारण पूरे दिन आलस्य बना रहता है। किसी काम में मन नहीं लगता। कब्ज की परेशानी के कारण मल त्यागने के लिए ज्यादा जोर लगाना पड़ता है, घण्टों बैठे रहना पड़ता है। इतना ही नहीं व्यक्ति को बहुत सोच-समझकर खाना-पीना पड़ता है। क्या आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, क्या आप भी कब्ज से परेशान हैं, और कब्ज का घरेलू उपचार चाहते हैं?
Constipation home remediesआयुर्वेद में कब्ज की समस्या के लिए अनेक घरेलू उपाय बताए गए हैं। आप इन असरदार उपायों से आसानी से कब्ज का घरेलू उपचार कर सकते हैं।
कब्ज क्या है?
आयुर्वेद के अनुसार, शरीर का संतुलन वात, पित्त, कफ दोषों पर निर्भर करता है। इनमें हुए असंतुलन के कारण शरीर रोगों से घिर जाता है। खान-पान एवं जीवनशैली में लापरवाही के कारण जब जठराग्नि मन्द हो जाती है, तथा आहार सही समय पर ठीक प्रकार से नहीं पचता। इससे शरीर के दोष असंतुलित तथा दूषित होकर रोग उत्पन्न करते हैं। कब्ज में मुख्यतः वात दोष की दुष्टि होती है, जिस कारण मल सूखा एवं कठोर हो जाता है। सही समय पर मलत्याग नहीं हो पाता।
कब्ज होने के कारण
कब्ज की बीमारी होने के कई कारण होते हैं, जो ये हैंः-
भोजन में रेशेदार आहार की कमी होना।
मैदे से बने एवं तले हुए मिर्च-मसालेदार भोजन का सेवन करना।
पानी कम पीना या तरल पदार्थों का सेवन कम करना।
समय पर भोजन ना करना।
रात में देर से भोजन करना।
देर रात तक जागने की आदत।
अधिक मात्रा में चाय, कॉफी, तंबाकू या सिगरेट आदि का सेवन करना।
भोजन पचे बिना ही दोबारा भोजन करना।
चिन्ता या तनावयुक्त जीवन जीना।
हार्मोन्स का असंतुलन या थायराइड की परेशानी होना।
अधिक मात्रा में या लम्बे तक दर्द निवारक दवाइयों का इस्तेमाल करना।
Constipation home remediesकब्ज का घरेलू इलाज के लिए उपाय
मुनक्के के सेवन से कब्ज का घरेलू इलाज
लगभग 8-10 ग्राम मुनक्के रात को पानी में भिगा दें। सुबह इसके बीज निकालकर दूध में उबाल कर खाएं, और दूध पी लें।
एरण्ड के तेल से कब्ज का घरेलू उपचार
रात में सोते समय एक गिलास गर्म दूध में 1-2 चम्मच एरण्ड का तेल डालकर पिएं। यह उपाय बहुत लाभ पहुंचाता है।
कब्ज की परेशानी में बेल से फायदा
बेल का फल कब्ज की समस्या के लिए बहुत फायदेमंद होता है। आधा कप बेल का गूदा, और एक चम्मच गुड़ का सेवन, शाम को भोजन से पहले से करें। बेल का शरबत भी कब्ज में फायदा करता है।
जीरा और अजवायन से कब्ज का इलाज
जीरे और अजवायन को धीमी आंच पर भून कर पीस लें। इसमें काला नमक डालकर तीनों को समान मात्रा में मिला कर डब्बे में रख लें। रोज आधा चम्मच की मात्रा में गुनगुने पानी के साथ पिएं।





















