– 350 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 10 हजार लीटर लहन और चार भट्टियां नष्ट
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर नानकमत्ता क्षेत्र में चलाए गए ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। करीब 10 घंटे तक चले अभियान में पुलिस ने 10 अवैध तमंचों और 13 कारतूसों के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने की चार भट्टियां और करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया।
एसपी सिटी रुद्रपुर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में 10 पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और कार्रवाई की। अभियान में अलग-अलग थानों की पुलिस, एसओजी, पीएसी और अन्य पुलिस इकाइयां शामिल रहीं।

पुलिस के अनुसार, अवैध असलहों के मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों के कब्जे से 315 बोर और 12 बोर के तमंचे बरामद हुए। इनके अलावा तीन खोखा कारतूस भी मिले। वहीं, आबकारी अधिनियम के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद की गई। अभियान के दौरान दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस इन मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद मिलने की भी जानकारी दी गई है। मामले में साइबर अपराध की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने निर्देश दिए हैं कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह अभियान चलाकर अवैध असलहा तस्करी, साइबर अपराध, कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















