– महापौर विकास शर्मा ने नारियल फोड़कर किया अभियान का शुभारंभ
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान तेज कर दिया गया है। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने गल्ला मंडी और मुख्य बाजार क्षेत्र में नारियल फोड़कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर तक शहर की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
महापौर ने बताया कि आदर्श कॉलोनी, आवास विकास और कल्याणी व्यू से गोल्डन एजेंसी तक सड़क मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। अब गल्ला मंडी, मुख्य बाजार और श्याम बाबा मंदिर के आसपास सड़कों के गड्ढे भरे जा रहे हैं। सुभाष कॉलोनी और होटल सागर वाली गली में भी मरम्मत कार्य कराया गया है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों से व्हाट्सएप के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है। सड़क मरम्मत में रोलर और मशीनों का इस्तेमाल कर गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है, ताकि काम टिकाऊ हो। महापौर ने लोगों से अपील की कि यदि किसी सड़क का हिस्सा मरम्मत से छूट गया हो, तो इसकी जानकारी नगर निगम को दें।
उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले सड़कों को दुरुस्त करने का प्रयास है। साथ ही गांधी पार्क में दीपावली मेले की तैयारी भी की जा रही है, जिसमें स्ट्रीट वेंडर्स को अवसर देने और लोगों को सुविधाजनक खरीदारी का माहौल उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद चिराग कालरा, सुनील ठुकराल, संदीप राव, राजेश घीक, प्रवेश गोयल, राजेश श्यामपुरिया, शिवांश अग्रवाल, हरजीत राठी, डॉ. संजीव शर्मा, मुकेश वशिष्ठ, पवन राणा, बीनू, गौरव जुयाल, नूरुद्दीन, पवन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मनदीप गुगलानी और प्रवीण गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





















