– गृहकर में इस वित्तीय वर्ष नहीं होगी बढ़ोतरी, सफाई व्यवस्था सुधारने और विकास कार्यों पर भी जोर
– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – नगर पालिका परिषद किच्छा की बोर्ड बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था में सुधार, दुकानों के किराये में बढ़ोतरी और कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। शनिवार को पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पालिका की आय-व्यय की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में पालिका की पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के बाद लेखा लिपिक ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। बोर्ड ने वाटर टैंक की सफाई, शिवर सफाई मशीन और राजीव गांधी कम्युनिटी हॉल की बुकिंग के निर्धारित शुल्क के सापेक्ष कम वसूली तथा डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण के यूजर चार्ज की कथित अवैध वसूली की जांच कराने की मांग की।

दुकानों का किराया बढ़ेगा, एक दुकान की नीलामी का प्रस्ताव
पालिका की निर्मित दुकानों के जिन अनुबंधों की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके नवीनीकरण और मासिक/वार्षिक किराये में नियमानुसार बढ़ोतरी के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। वहीं, पालिका के अस्पताल के सामने स्थित एक आवंटित दुकान का अनुबंध निरस्त कर उसे खाली कराने के बाद दोबारा नीलाम करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
विभिन्न वार्ड सभासदों की मांग पर बोर्ड ने चालू वित्तीय वर्ष में गृहकर की वसूली में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं करने का निर्णय लिया। हालांकि, गृहकर का नया सर्वे कराने के बाद आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर नियमानुसार कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
बैठक में सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, कूड़े के अड्डों को हटाने, बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक महिला शौचालय बनाने और सरकारी भूमि को राजस्व विभाग से हस्तांतरित कर पार्क व ओपन जिम विकसित करने जैसे प्रस्तावों पर सहमति बनी। खाली प्लॉटों के स्वामियों को नोटिस जारी करने, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और जरूरत के अनुसार सफाई व्यवस्था के लिए आउटसोर्सिंग पर विचार करने का भी निर्णय लिया गया।

इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, पेयजल व्यवस्था के लिए हैंडपंप लगाने तथा पार्कों में विकास कार्य कराने के प्रस्ताव भी पारित किए गए। पालिका के कूड़ा वाहनों की मरम्मत कराकर उन्हें चालू रखने और खराब होने पर संबंधित कार्मिकों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया गया।
कम्युनिटी हॉल का जीर्णोद्धार और शहर का सौंदर्यीकरण
बोर्ड ने राजीव गांधी कम्युनिटी हॉल का जीर्णोद्धार, नगर मध्य स्थित डिवाइडरों की सफाई व रंग-रोगन, मुख्य चौराहों पर लगे होर्डिंग हटाने और उनका सौंदर्यीकरण कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। बोर्ड बैठक के लिए नया हॉल बनाने और महिला सभासदों के लिए अलग कक्ष निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में पालिकाध्यक्ष को पालिका अधिनियम की धारा 112 के तहत बोर्ड प्रस्ताव के बिना पांच लाख रुपये तक के कार्य कराने के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इसके साथ ही कर्मचारियों के अनुरोध पत्रों पर विचार करते हुए नियमानुसार न्यूनतम वेतन का लाभ देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। बैठक में पारित प्रस्तावों को सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।





















