
– एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की कार्रवाई, चाकू से हमले में लीलाधर की हुई थी मौत, कई लोग हुए थे घायल
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – रेशमबाड़ी में हुए चाकूबाजी और हत्या के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने दोनों आरोपियों को किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से गिरफ्तार किया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी स्थित राम अवतार के घर पहुंचा, जहां परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

इसी दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में लीलाधर, राहुल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल का उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और फील्ड यूनिट की मदद से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
वादी जोहरी लाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(3), 118(1) एवं 352 में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह (18 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर तथा विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 13, दूधियानगर, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। प्रकरण में विवेचना और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।





















