
– इंडिया नज़र ब्यूरोदेहरादून – उत्तराखंड शासन ने विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 25 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत प्रदेश के कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) और पुलिस अधीक्षकों (SP) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में ऊधम सिंह नगर जिले की पुलिस कमान एक बार फिर आईपीएस अधिकारी मणिकांत मिश्रा को सौंपी गई है।
शासनादेश के अनुसार, ऊधम सिंह नगर के वर्तमान एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ सेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मणिकांत मिश्रा को दोबारा जिले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके दोबारा जिले की कमान संभालने के आदेश से पुलिस महकमे में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू होगी।
वहीं, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनके स्थान पर अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। पौड़ी जिले में देवेंद्र पींचा को एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है, जबकि सरिता डोबाल को टिहरी का नया एसएसपी बनाया गया है।
अन्य तबादलों में पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव का सेनानायक, हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक तथा अमित श्रीवास्तव प्रथम को अभिसूचना में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली का एसपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी, संदीप पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय में एसपी, जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में एसपी, जगदीश चंद्र को बागेश्वर का एसपी तथा शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस नियुक्त किया गया है।
शासन की ओर से सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाणक पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी। वहीं, ऊधम सिंह नगर में मणिकांत मिश्रा की दोबारा एसएसपी के रूप में नियुक्ति इस फेरबदल का प्रमुख बदलाव मानी जा रही है।






















