
– SSP अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस को मिली सफलता, शव गटर से बरामद; हत्या के बाद मोबाइल और 2,300 रुपये भी ले गया था आरोपी
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में लापता 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या उसके ही 25 वर्षीय दोस्त संजय गुप्ता ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर युवक का शव और हत्या में प्रयुक्त नाड़ा बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभय 7 नवंबर की रात घर से लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान मृतक का मोबाइल उसके दोस्त संजय के पास होने की जानकारी मिली। पूछताछ में संजय ने हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, दोनों दोस्त नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात शिव कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में स्मैक के सेवन के लिए इंजेक्शन तैयार करते समय एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने अभय का गला दबाकर और उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को करीब 15-20 मीटर दूर गटर में छिपा दिया।
आरोपी ने मृतक के पास से करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन भी ले लिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 1,700 रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि 600 रुपये उसके पास से बरामद होने की बात सामने आई है।
आरोपी संजय गुप्ता निवासी शिव कॉलोनी, खटीमा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव और हत्या में प्रयुक्त नाड़ा बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

































