
– महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के सानिध्य में हुआ कार्यक्रम, विधायक निधि से होगा निर्माण
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – मॉडल कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री गोपीनाथ मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार निर्माण कार्य का शिलान्यास रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के पावन सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया। प्रवेश द्वार का निर्माण विधायक निधि से कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि गोपीनाथ मंदिर क्षेत्र का प्राचीन एवं प्रमुख आस्था केंद्र है। लंबे समय से मंदिर समिति और श्रद्धालुओं द्वारा भव्य प्रवेश द्वार निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत कराई गई है।
उन्होंने कहा कि मंदिरों और देवालयों को भव्य स्वरूप देना उनका संकल्प है। धार्मिक स्थल हमारी संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं के प्रतीक हैं। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें।
महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज की उपस्थिति में संपन्न कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का आभार जताया। इस दौरान विष्णु बंसल, ताराचंद अग्रवाल, आरपी शाह, बीएल शाह, रामकिशन खेड़ा, मोहन खेड़ा, लक्ष्मी देवी, मीना शर्मा, सुशील नय्यर, सुरेश गांधी, अंकुर बत्रा, सुनील यादव, नरेंद्र खेड़ा, मनोज मदान, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, मोहित चड्डा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


































