
– साफ-सफाई से लेकर स्वच्छ पानी तक की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, युद्धस्तर पर जुटे पालिका कर्मचारी
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – आगामी छठ महापर्व को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद किच्छा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा घाटों पर स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के निर्देशों के बाद नगर पालिका की टीमें युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गई हैं। छठ घाटों की सफाई के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में जमा कूड़े को हटाने और पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।

नगर पालिका प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए कर्मचारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचकर सूर्य उपासना करते हैं। श्रद्धालुओं की भावनाओं और सुविधाओं का सम्मान करना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छ पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं।
पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि छठ महापर्व के दौरान घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। सभी लोग कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि छठ महापर्व स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

































