

– पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सांसद ने सोनिया गांधी और गांधी-नेहरू परिवार पर साधा निशाना
– इंडिया नज़र ब्यूरोलखनऊ – उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और गांधी-नेहरू परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बाबरी ढांचा विध्वंस, बाटला हाउस मुठभेड़, कश्मीरी पंडितों के पलायन और सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की संवेदनशीलता और राजनीतिक रवैये पर सवाल उठाए।
बृजलाल ने कहा कि बाटला हाउस मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस के जांबाज इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा शहीद हुए थे, लेकिन कांग्रेस के कुछ नेताओं ने मुठभेड़ पर सवाल उठाकर उनकी शहादत का अपमान किया। उन्होंने सवाल किया कि मुठभेड़ में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताने वाले नेताओं ने शहीद पुलिस अधिकारी और आतंकवादी हमलों में मारे गए निर्दोष नागरिकों के परिवारों के प्रति वैसी संवेदना क्यों नहीं दिखाई।
राज्यसभा सांसद ने कश्मीरी पंडितों की लक्षित हत्याओं और पलायन के साथ असम के नेल्ली नरसंहार तथा 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं में पीड़ित परिवारों की पीड़ा को कांग्रेस नेतृत्व ने पर्याप्त महत्व नहीं दिया।बृजलाल ने गांधी-नेहरू परिवार पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर दोहरे मानदंड नहीं अपनाए जाने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास और उसके नेताओं के रवैये पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
































