

– 786.73 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी, मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन को मिला निर्माण कार्य
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – शहर की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रुद्रपुर के लिए 786.73 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मास्टर ड्रेनेज प्लान के प्रथम चरण का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होने की तैयारी है। प्रथम चरण में 441.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी विधायक शिव अरोरा ने सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी।
विधायक ने बताया कि प्रथम चरण के मुख्य निर्माण कार्य की 390.39 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सिंचाई विभाग ने मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन, औरंगाबाद (बिहार) को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी कर दिया है। वहीं, प्रथम चरण की शेष लगभग 51.40 करोड़ रुपये की धनराशि बिजली, जल संस्थान, टेलीफोन सहित अन्य विभागों की यूटिलिटी शिफ्टिंग पर खर्च की जाएगी, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

शिव अरोरा ने बताया कि पूरी परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण के लिए 441.79 करोड़ रुपये और द्वितीय चरण के लिए लगभग 344.94 करोड़ रुपये का प्रावधान है। निर्माण कंपनी को निर्धारित शर्तों के अनुसार अतिरिक्त एवं परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जमा कराने सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी हैं। अगले दो सप्ताह में विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिसंबर के प्रथम सप्ताह में निर्माण शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में हर साल बरसात के दौरान कई इलाके जलभराव की समस्या से प्रभावित होते हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मास्टर ड्रेनेज प्लान का प्रस्ताव रखा गया था। सर्वे, डिजाइन, डीपीआर और तकनीकी प्रक्रियाओं के बाद 786.73 करोड़ रुपये की इस परियोजना को स्वीकृति मिली। विधायक ने परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने और धरातल पर उतारने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। साथ ही सांसद अजय भट्ट और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज का भी धन्यवाद किया। समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता प्रमोद कुमार दीक्षित, अधिशासी अभियंता भरत सिंह डांगी, एसडीओ विनोद कुमार और मयंक कक्कड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा, “रुद्रपुर की जनता वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रही है। प्रत्येक बरसात में शहर के अनेक क्षेत्रों में पानी भरने से आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। मैंने जनता से इस समस्या का स्थायी समाधान करने का संकल्प लिया था। आज मास्टर ड्रेनेज प्लान का प्रथम चरण निर्माण की दिशा में आगे बढ़ चुका है। 786.73 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण में 441.79 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन को LOI जारी किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से यह सपना धरातल पर उतरने जा रहा है। हमारा प्रयास है कि रुद्रपुर को जलभराव की वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिले।”





























