– इंडिया नज़र ब्यूरो पंतनगर – गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेले का उद्घाटन 3 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे उत्तराखंड के राज्यपाल द्वारा किया जाएगा।
कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष मेले की थीम ‘स्मार्ट खेती, स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान’ रखी गई है। मेले में प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, कृषि स्टार्टअप और पारंपरिक फसलों के संरक्षण पर विशेष जोर रहेगा। मेले में 400 से अधिक स्टॉल लगाए जाने की संभावना है, जहां किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि यंत्रों और उपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। गेहूं, मक्का, मटर, तिलहनी समेत विभिन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों का प्रदर्शन भी होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से गेहूं, जौ, मसूर, चना और तिलहन के प्रजनक बीज सहित विभिन्न फसलों के बीज और पौध उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी मूल कीमत पर 15 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी। इस बार शोध आधारित नवोन्मेषी तकनीक, पारंपरिक खेती एवं बीज संरक्षण तथा एग्री-स्टार्टअप के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। कुलपति ने कहा कि किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों, युवाओं और उद्यमियों के बीच संवाद तथा कृषि तकनीकों के हस्तांतरण का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

















