– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। घटना के संबंध में 25 सितंबर को थाना ट्रांजिट कैंप में FIR संख्या 304/2026, धारा 324(2), 351(2) और 352 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने शिवनगर तिराहे के पास एफसीआई गोदाम के सामने खाली चाय के खोखे के नीचे से तीन युवकों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान नन्दू (26), निवासी रामपुर, सोहेल (21), निवासी सिरौली कलां, किच्छा और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली (18), निवासी भदईपुरा, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में एक युवती से मिलने गया था। कॉलोनी के लोगों द्वारा उसे घेर लिए जाने की सूचना पर वे वहां पहुंचे। अरमान की कार कॉलोनी में छूट गई थी। कार निकालने के लिए आरोपियों ने कॉलोनी में पहुंचकर हवाई फायरिंग की, लेकिन कार के पहियों के नट खुले होने के कारण उसे वहां से नहीं ले जा सके। इसके बाद गुस्से में उन्होंने दो वाहनों में तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने फायरिंग और अवैध हथियारों के इस्तेमाल में शामिल लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

















