

– वार्ड में शेड निर्माण का भी आश्वासन, पेयजल, सड़क, बिजली और पार्कों के विकास को लेकर विधायक ने गिनाईं योजनाएं
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – नगर के आवास विकास स्थित वार्ड नंबर 12 में वार्ड सभासद दिव्यांशु अग्रवाल के नेतृत्व में विधायक तिलक राज बेहड़ एवं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वार्डवासियों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र का विकास और जनसेवा करना है। उन्होंने वार्ड नंबर 12 में विकास कार्यों के लिए नगर पालिका से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही वार्ड में शेड निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया।
विधायक ने कहा कि आवास विकास क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़ी पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जा रहा है। पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों को दोबारा सीसी सड़क और टाइल्स से बनाया जाएगा। इसके अलावा बिजली व्यवस्था में सुधार, पार्कों के सौंदर्यीकरण और शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन से हल्द्वानी मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर एवं लाइटिंग तथा डीडी चौक से आदित्य चौक तक सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए करीब 12.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि किच्छा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए सभी सभासदों को साथ लेकर काम किया जाएगा। विकास कार्यों में किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं होगा और वार्डवासियों की जरूरतों के अनुसार प्राथमिकता तय की जाएगी। उन्होंने विधायक तिलक राज बेहड़ के सहयोग और मार्गदर्शन से नगर के विकास को गति देने की बात कही।
कार्यक्रम में कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ओमप्रकाश दुआ, पंजाबी सभा अध्यक्ष राजा सुखीजा, सतपाल गाबा, निर्मल सिंह हंसपाल, बलविंदर सिंह धजू, छोटेलाल कोली, श्याम सुंदर अरोरा, देवेंद्र सेतिया, राजीव आहूजा, अवतार संधू, रमेश चावला, प्रमोद अग्रवाल, गुलशन आहूजा, जोगेंद्र सिंह ग्रोवर, सर्वजीत सिंह नागी, दलजीत कक्कड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद रहे।





























