
– घनी आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी, स्कूल की छुट्टी के समय बसों से उतर रहे थे बच्चे; बोले आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे पुलिस
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – यहां आवास विकास क्षेत्र में दोपहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रमुख कॉलोनी आवास विकास घनी आबादी वाला क्षेत्र है और शहर के बीचों-बीच स्थित है। घटनास्थल उनके कार्यालय से भी महज 100 मीटर की दूरी पर है। ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी होना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय स्कूलों की छुट्टी का समय था और बच्चे स्कूल बसों से उतर रहे थे। ऐसे में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी और मासूम बच्चों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। यह घटना क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

विधायक बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। पुलिस प्रशासन को तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर पालिका चुनाव के दौरान उन पर भी पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों द्वारा हमला किया गया था। उस घटना के बावजूद अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का परिणाम है कि आज भी किच्छा में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार ऐसी वारदातें होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अपराधियों में कानून का भय होना चाहिए, न कि उन्हें खुलेआम इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने का मौका मिले।
विधायक बेहड़ ने पुलिस प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आवास विकास गोलीबारी की घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि अपराधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किच्छा का शांतिपूर्ण माहौल किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी समझते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करे।





















