
– एक आरोपी का हल्द्वानी में चल रहा उपचार, दो अन्य की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्या के मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक चार नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक आरोपी शिवम चन्द्रा पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है, जिसका उपचार हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, दो अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की शाम रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने और मारपीट को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि देर रात विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ राम अवतार के घर पहुंचा और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें लीलाधर, राहुल सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान 27 नवंबर को सुभाष राठौर और विनोद कश्यप को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 28 नवंबर की सुबह भगवानपुर क्षेत्र में पुलिस टीम की मुठभेड़ के दौरान शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं। इसके अलावा पुलिस ने 28 नवंबर को मेडिसिटी अस्पताल के पास किच्छा रोड से अरुण कुमार ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार अब तक मामले में चार नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, शेष नामजद अभियुक्त प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।






















