
– 2.11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, तीन सड़कों का शिलान्यास और विभिन्न कार्यों का लोकार्पण
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ ने शुक्रवार को ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आनंदपुर कटिंग, आनंदपुर, राधानगर, गौरीकलां, श्याम कॉलोनी एवं महाराजपुर का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 2 करोड़ 11 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इनमें लालपुर-नगला मार्ग से श्मशान घाट होते हुए गौरीकलां (खुर्पिया) तथा मदान जी के खेत तक 2.300 किलोमीटर सड़क का 98.37 लाख रुपये, आनंदपुर से जीएसपी स्कूल तक 0.735 किलोमीटर लिंक मार्ग का 33.57 लाख रुपये तथा महाराजपुर से कनकपुर तक 2.050 किलोमीटर मोटर मार्ग का 71.70 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्माण शामिल है।

इसके अलावा विधायक ने आनंदपुर कटिंग में 5 लाख रुपये से निर्मित आंबेडकर पार्क की चाहरदीवारी, गौरीकलां में 80 हजार रुपये से शहीद देव बहादुर गेट का सौंदर्यीकरण तथा महाराजपुर मंदिर में 2.01 लाख रुपये से चोटी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में क्षेत्र के विकास की रफ्तार थम गई थी, लेकिन उनके दोबारा विधायक बनने के बाद विकास की गाड़ी फिर पटरी पर लौट रही है। उन्होंने अपने पुराने कार्यकाल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों में सड़क, बिजली, स्कूल और जनमिलन केंद्र जैसी सुविधाएं पहुंचाने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए।
बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में गड़बड़ी या लापरवाही मिलने पर अधिकारियों से जांच कराई जाएगी। उन्होंने पात्र लोगों को पट्टे दिलाने, बारात घर और छठ घाट का निर्माण कराने तथा रुके हुए सड़क कार्यों को जल्द शुरू कराने का भी आश्वासन दिया।
विधायक तिलक राज बेहड़ का कहना है कि ”पिछले 10 वर्षों में क्षेत्र के विकास की रफ्तार थम गई थी और कई महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रभावित हुए थे। अब जनता ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसके बाद विकास की गाड़ी फिर पटरी पर लौट रही है। हमारा प्रयास है कि गांव-गांव तक सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। 2 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत इसी दिशा में एक कदम है। विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। जहां भी लापरवाही या गड़बड़ी मिलेगी, वहां जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। क्षेत्र का कोई भी विकास कार्य रुकने नहीं दिया जाएगा। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय नेता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





















