
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – किच्छा और नगला-जवाहर नगर में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ ने एक बार फिर रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लंबे समय से उठाई जा रही इस जनहित की मांग पर रेलवे विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज विधायक बेहड़ ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। वह अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर कल जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे के धरने पर बैठेंगे।
विधायक बेहड़ लंबे समय से किच्छा और नगला-जवाहर नगर में अंडरपास निर्माण की मांग रेलवे विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाते आ रहे हैं। इस संबंध में वह कई बार पत्राचार कर रेलवे अधिकारियों को क्षेत्र की गंभीर समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो पाई है।

दरअसल, रेलवे यातायात में लगातार बढ़ोतरी के चलते किच्छा क्षेत्र के रेलवे फाटक दिन में करीब 15 से 20 बार बंद होते हैं। इसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को भी इस परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंडरपास का निर्माण नहीं होने से आमजन की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस जनहित के आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है। अब देखना होगा कि विधायक के 24 घंटे के धरने के ऐलान के बाद रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर क्या कदम उठाते हैं।
विधायक तिलक राज बेहड़ के कहना है कि ”किच्छा और नगला-जवाहर नगर में अंडरपास का निर्माण क्षेत्र की जनता की बेहद जरूरी मांग है। रेलवे फाटक दिन में 15 से 20 बार बंद होने के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। इससे आम जनता, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।”
”मैं लंबे समय से इस समस्या को लेकर रेलवे विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन से पत्राचार एवं वार्ता कर रहा हूं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। जनता को रोजाना होने वाली इस परेशानी से निजात दिलाना मेरी प्राथमिकता है। इसी मांग को लेकर मैं कल जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे के धरने पर बैठूंगा। यह लड़ाई किसी राजनीतिक स्वार्थ की नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और अधिकारों की लड़ाई है। मैं क्षेत्रवासियों से अपील करता हूं कि इस जनहित के आंदोलन में अपना सहयोग दें।”






















