
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर। आईपीएस अधिकारी मणिकांत मिश्रा ने एक बार फिर जनपद ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद उन्हें दोबारा जिले की पुलिस कमान सौंपी गई है। कुछ ही माह के अंतराल के बाद मणिकांत मिश्रा की जिले में वापसी को पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
पदभार ग्रहण करने के बाद जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देगी। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसेवा, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन जनपद में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।





















