
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ ने 26 नवंबर को ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत कनकपुर, प्रतापपुर कॉलोनी, प्रतापपुर और इन्द्रपुर का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कुल 1 करोड़ 82 लाख 15 हजार रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
विधायक ने 1 करोड़ 64 लाख 84 हजार रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों का शिलान्यास किया। इनमें कनकपुर में 86.76 लाख रुपये की लागत से 700 मीटर आंतरिक मार्ग, शक्ति मंडल के घर से अनिल कुमार के घर तक 600 मीटर मोटर मार्ग के लिए 40.49 लाख रुपये तथा प्रतापपुर में लिंक मार्ग से प्रताप कटिंग तक 1.35 किलोमीटर सड़क के लिए 37.59 लाख रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा 17 लाख 31 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें कनकपुर मंदिर में टाइल्स, प्रतापपुर कॉलोनी में वाटर कूलर, इन्द्रपुर मंदिर के पास टीन शेड, लिंक रोड से स्कूल तक सीसी सड़क, उपकेंद्र प्रतापपुर में फर्श ऊंचा करने और प्रतापपुर मंदिर में निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में जितना विकास हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। सड़क, मंदिर, गुरुद्वारा, छठ घाट और कॉलोनियों के विकास के लिए लगातार बजट उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद क्षेत्र को हॉटमिक्स सड़कों की सौगात दी गई और वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए गए।
आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बेहड़ ने कहा कि यदि जनता उन्हें दोबारा सेवा का अवसर देती है तो अगले पांच वर्षों तक भी गांवों में विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से पिछली बार से अधिक समर्थन देने की अपील की। साथ ही बिना नाम लिए खुद को विधायक के रूप में प्रचारित करने वाले लोगों पर तंज कसते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता काम देखकर अपना प्रतिनिधि चुनती है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, मेजर सिंह, गुरुदास कालरा, अशोक चुघ, अनिल कुमार, सत्येंद्र गौतम सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।






















