
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा से विधानसभा प्रत्याशी के प्रबल दावेदार संजीव कुमार सिंह ने आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और उनके समाधान के प्रयासों को लेकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
इसी अभियान के तहत संजीव कुमार सिंह ने नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 स्थित सुभाष कॉलोनी में क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए संजीव कुमार सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी मतों से विजयी बनाने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही क्षेत्र को स्थानीय विधायक देने की मांग उठाते हुए कमल के निशान पर अपना समर्थन देने की बात कही।

संजीव कुमार सिंह ने क्षेत्रवासियों से मिल रहे समर्थन और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के गांवों और नगर क्षेत्रों का समग्र विकास, वर्षों से लंबित विकास कार्यों को पूरा कराना तथा जनता के सपनों को साकार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

इस अवसर पर आयुष, प्रियांशु, हीरा सरकार, जयवीर, अर्जुन मंडल, करण, जयकरण, प्रेमपाल, रिंकी, राधा, ज्योति, सपना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






















