
– 25 नवंबर को डीएम कार्यालय में 24 घंटे के धरने की चेतावनी, महिलाओं ने रेलवे अधिकारियों को भेंट की प्रतीकात्मक चूड़ियां
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – नगला, जवाहर नगर, बिंदुखत्ता एवं शांतिपुरी क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने नगला रेलवे स्टेशन स्थित शनि मंदिर के समीप रेलवे विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बंद किए गए पैदल रास्ते को दोबारा खुलवाने तथा नगला और किच्छा में अंडरपास निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
धरने के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ और क्षेत्र की महिलाओं ने रेलवे अधिकारियों के रवैये के विरोध में उन्हें प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भेंट कीं। विधायक ने स्टेशन अधीक्षक और मौके पर मौजूद आरपीएफ इंस्पेक्टर से चूड़ियां ट्रेन के माध्यम से बरेली स्थित डीआरएम कार्यालय पहुंचाने को कहा।

विधायक बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं रोजाना घास लेकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। कई बार रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनें खड़ी रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी बार आंदोलन के बावजूद डीआरएम की ओर से वार्ता के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
बेहड़ ने रेलवे विभाग को 14 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि नगला में बंद पैदल रास्ता खोलने और नगला व किच्छा में अंडरपास निर्माण की स्वीकृति से संबंधित पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए तो 25 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे का धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 26 नवंबर से आंदोलन अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किच्छा अंडरपास की फाइल भी जिलाधिकारी के माध्यम से डीआरएम कार्यालय भेजी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की जनता को राहत दिलाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, नगला नगर अध्यक्ष हरिओम चौहान, जनार्दन सिंह, ललित कांडपाल, राजेन्द्र सिंह, कैलाश जोशी, जगदीश, कुंदन अधिकारी, चंदन सिंह, गोविन्द सिंह बिष्ट, नंदा बल्लभ जोशी, नवीन भट्ट, मेजर सिंह, प्रभा लोहनी, गीता देवी, जानकी देवी, नन्द किशोर पाठक, जुबैर खान, फजील खान, इदरीश, मनोहर वाल्मीकि, मुकेश सिंह, पंकज पांडे सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
































