
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में किच्छा-पंतनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न छठ पूजा घाटों पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का आज भाजपा नेता विपिन जल्होत्रा ने ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
विपिन जल्होत्रा ने ग्राम शिमला पिस्तौर, तुर्कागौरी गोकुल नगर, गंगापुर एवं आनंदपुर सहित विभिन्न छठ पूजा घाटों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों से वार्ता करते हुए निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा एवं लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पेयजल एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है।
विपिन जल्होत्रा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस बार श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलें और सभी छठ घाट स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित नजर आएं। जनसेवा एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान ग्राम प्रधान जगजीत गंभीर, ग्राम प्रधान नंदलाल यादव, ग्राम प्रधान हरीश खानवानी, पूर्व ग्राम प्रधान अवनींद्र कुमार सिंह, मोतीलाल राजभर, महेश यादव सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।



































