
– पीड़ित परिवार से मिले विधायक, पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कठोर कार्रवाई के दिए निर्देश
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – रम्पुरा में रोडवेज के पास हुए जानलेवा हमले में घायल राजेश कोली की उपचार के दौरान मौत के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश है। घटना की जानकारी पर विधायक शिव अरोरा वार्ड नंबर 22 स्थित मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान विधायक ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि राजेश कोली की हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी पाताल में भी होंगे तो उन्हें खोजकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। विधायक ने मौके से ही सीओ सिटी और कोतवाल से फोन पर वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजेश की शादी को अभी महज तीन महीने हुए थे। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, पार्षद गिरीश पाल, डॉ. महेश कोली, त्रिलोक कोली, चंद्रसेन कोली, सुदामा कोली, राज कोली, वीर पाल और शिवकारन कोली सहित कई लोग मौजूद रहे।




























