– कार्यकर्ताओं को समर्पण और जनसंपर्क के साथ जुटने का आह्वान
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन के पहली बार ऊधम सिंह नगर आगमन पर शनिवार को रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। सांसद अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के मद्देनजर पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क बनाए रखने, जनता की समस्याओं को समझने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों का अनुशासन के साथ निर्वहन करने की अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने भी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, विधायक शिव अरोरा, प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला, महापौर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मुकेश पाल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















