– विधायक शिव अरोरा बोले—शहीदों का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर उठे विवाद के बाद रुद्रपुर में सियासत गरमा गई है। रविवार को विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन कर कांग्रेस का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कांग्रेस और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि शहीद भगत सिंह देश के करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं और उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान देश की भावनाओं से जुड़ा विषय है और उनके सम्मान को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

शिव अरोरा ने कांग्रेस नेताओं पर इस मामले में सवाल उठाते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक को उनके प्रति संवेदनशील रहना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता राधेश शर्मा, पूर्व पार्षद सोनू अनेजा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष बिट्टू चौहान, सतनाम सिंह, महेंद्र आर्य, मयंक कक्कड़, राज कोली, आदेश भारद्वाज, सन्नी पासवान, सोनू गगनेजा और भीमसेन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















