– राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विधायक ने जाना अभिषेक का हाल, चिकित्सकों से वार्ता कर बेहतर उपचार के दिए निर्देश
– इंडिया नजर ब्यूरो | रुद्रपुर। गंभीर रूप से घायल अभिषेक का भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। इसी बीच रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचकर अभिषेक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसके उपचार की स्थिति के संबंध में चिकित्सकों से विस्तार से चर्चा की।
विधायक शिव अरोरा ने अभिषेक का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. हर्षित अग्रवाल से मुलाकात कर उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, अब तक किए जा रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अभिषेक के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी नहीं होनी चाहिए और उसे बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

इस दौरान विधायक ने राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट कर्नल आर.पी. सिंह से भी वार्ता की। उन्होंने अभिषेक के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपचार की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद विधायक शिव अरोरा ने अभिषेक के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह व्यक्तिगत रूप से उनके साथ खड़े हैं। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार भी अभिषेक और उसके परिवार की हरसंभव मदद के लिए तैयार है।
शिव अरोरा ने कहा कि यदि अभिषेक के बेहतर उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता पड़ती है तो उसे एम्स दिल्ली, एम्स ऋषिकेश अथवा देश के किसी अन्य बेहतर सरकारी चिकित्सा संस्थान में उपचार दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीज के उपचार में संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
विधायक ने कहा, “अभिषेक के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। रुद्रपुर का विधायक होने के नाते मैं स्वयं परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है। जरूरत पड़ने पर अभिषेक के उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”
शिव अरोरा ने कहा कि अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना वह स्वयं, उसका परिवार और समस्त रुद्रपुरवासी कर रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि अभिषेक जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार और अपनों के बीच लौटे। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में रुद्रपुरवासियों की दुआएं अभिषेक और उसके परिवार के साथ हैं। इस दौरान सुनील यादव, सोनू मुल्तानी, मुकेश राजोरिया, संदीप वाल्मीकि, अंकित वाल्मीकि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




















