– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को रोके जाने के आरोपों को लेकर किच्छा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल चौक पर राज्य सरकार और नैनीताल के एसएसपी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोककर कार्यक्रम में व्यवधान डालने का प्रयास किया गया। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कार्रवाई की निंदा की।
कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल के एसएसपी पर नियमों के विपरीत कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है और सरकार को पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी की घटना को लेकर पूरे जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया जा रहा है। इसी क्रम में किच्छा में भी प्रदर्शन कर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रही है और कार्यकर्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस के कार्यक्रमों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, जिसका पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे।
पुतला दहन के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कांग्रेस ब्लॉक प्रमुख गुलशन सिंधी, कांग्रेस नेता ओम प्रकाश दुआ, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सुनीता कश्यप, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बंटी पपनेजा, एनयू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।




















