– घायल अभिषेक से अस्पताल में मिले महापौर विकास शर्मा, उपचार और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन
– इंडिया नजर ब्यूरो रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर वाहनों की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर वाल्मीकि समाज में उपजा आक्रोश अब धीरे-धीरे शांत होता नजर आ रहा है। घायल अभिषेक के उपचार और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर महापौर विकास शर्मा की पहल के बाद समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और परिजनों ने राहत जताई है।
रविवार को महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता राममूर्ति अस्पताल पहुंचे और घायल अभिषेक का हालचाल जाना। महापौर ने चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उपचार से लेकर न्याय की प्रक्रिया तक हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

महापौर ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और फिलहाल अभिषेक का बेहतर उपचार प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी कौन है और किसकी कितनी भूमिका है, यह पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, जबकि निर्दोष को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
इस दौरान सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष नितिन चरण वाल्मीकि, पूर्व मेयर एवं दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष सोनू मुल्तानी सहित समाज के अन्य वरिष्ठ लोगों से भी महापौर ने चर्चा की। उन्होंने सभी पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने तथा राजनीतिक बयानबाजी से माहौल खराब नहीं करने की अपील की।

रामपाल सिंह ने भी समाज के लोगों से भावनाओं में आकर कोई ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की, जिससे स्थिति बिगड़े। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता घायल अभिषेक का बेहतर उपचार है और जरूरत पड़ने पर बड़े चिकित्सा केंद्र में भी उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष नितिन चरण वाल्मीकि और घायल अभिषेक के भाई अंकित ने महापौर की पहल और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगी। फिलहाल मामले में सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। महापौर और समाज के वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जांच के तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होनी चाहिए।




















