– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – भाजपा का रुद्रपुर में बड़ा एक्शन देखने को मिला है, बीते 7 अगस्त को हुए एक्सीडेंट और उसके बाद कथित मारपीट के मामले में भाजपा के भारतीय जनता पार्टी के भगत सिंह मंडल के महामंत्री पारस चुघ का नाम आने के बाद उनको भाजपा जिला महामंत्री रमेश जोशी की ओर से जिला अध्यक्ष कमल जिंदल के निर्देश पर निष्काषित कर दिया गया है। पार्टी की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसे मामले को लेकर बढ़ते दबाव के बीच संगठन की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि 7 अगस्त को हुए एक्सीडेंट और मारपीट के मामले में पारस चुघ के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर वाल्मीकि समाज में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी। सोमवार को बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा को लेकर भी प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भाजपा संगठन की ओर से आरोपी पदाधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इसके बाद पार्टी ने इसे गंभीरता से लेते हुए पारस चुघ को रुद्रपुर भगत सिंह मंडल के महामंत्री पद से पदमुक्त करने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया है।




















