– पीड़ित जतिन वाल्मीकि के घर पहुंचे विधायक, परिजनों से मिले; पुलिस अधिकारियों से शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
– इंडिया नजर ब्यूरोरुद्रपुर – काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास दो दिन पूर्व वाल्मीकि समाज के दो युवकों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वाल्मीकि समाज में आक्रोश बना हुआ है। घटना के विरोध में पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली में धरना दिया। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धरने की सूचना मिलने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंचे और वाल्मीकि समाज तथा पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने पुलिस अधिकारियों और सीओ सिटी से मामले को लेकर वार्ता करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में दोषी कोई भी व्यक्ति हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार सबका साथ और सबका न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं मिलेगा।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने यह भी कहा कि पूरे प्रकरण में पुलिस कार्रवाई पर वह स्वयं नजर बनाए रखेंगे।
धरने पर बैठे वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज की ओर से पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए सोमवार दोपहर दो बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी का समय दिया गया। समाज के लोगों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। विधायक शिव अरोरा ने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि वह इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे।
मारपीट की घटना में घायल हुए जतिन वाल्मीकि को उपचार के बाद गौतम हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किए जाने के बाद विधायक शिव अरोरा उनके रमपुरा स्थित काली मंदिर के पास आवास पर पहुंचे। उन्होंने जतिन और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।
विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा और न्याय की लड़ाई में वह उनके साथ खड़े हैं।
शिव अरोरा ने कहा कि पुलिस ने मामले में प्रथम दृष्टया सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।
विधायक ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई। साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




















