– करीब एक मिनट तक हवा में रहा इलेक्ट्रिक वाहन, भविष्य के हवाई परिवहन की दिशा में अहम कदम; पहले भी कई उपयोगी उपकरण बना चुके हैं रवि।
– इंडिया नजर ब्यूरो | अल्मोड़ा – उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी युवा नवप्रवर्तक रवि टम्टा ने स्वदेशी तकनीक से व्यक्तिगत हवाई वाहन तैयार कर नई उपलब्धि हासिल की है। ‘हपिडा स्काई प्राइवेट लिमिटेड’ के संस्थापक एवं सीईओ रवि टम्टा द्वारा विकसित ‘हपिडा स्काईनेक्स’ के प्रोटोटाइप का सफल उड़ान परीक्षण किया गया। मुख्यालय स्थित आर्मी हेलीपैड में हुए परीक्षण के दौरान वाहन जमीन से सफलतापूर्वक हवा में उठा और करीब एक मिनट तक उड़ान भरी।

उड़ने वाले वाहन के परीक्षण को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पूरी तरह विद्युत चालित इस व्यक्तिगत हवाई वाहन को तैयार करने के लिए रवि टम्टा पिछले कई वर्षों से लगातार अनुसंधान और तकनीकी परीक्षण कर रहे थे। सफल परीक्षण के बाद उनकी परियोजना ने एक महत्वपूर्ण चरण पार कर लिया है।

रवि टम्टा का कहना है कि उनका उद्देश्य भारत में सुरक्षित, आधुनिक और स्वदेशी व्यक्तिगत हवाई परिवहन तकनीक विकसित करना है। आने वाले समय में वाहन की सुरक्षा, क्षमता और प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए इसके अतिरिक्त परीक्षण किए जाएंगे। रवि के इस नवाचार को भविष्य के परिवहन की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे व्यक्तिगत हवाई वाहनों का उपयोग आने वाले समय में शहरी यातायात के दबाव को कम करने के साथ-साथ दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंच, आपदा राहत और आपातकालीन सेवाओं में भी किया जा सकता है।
रवि टम्टा इससे पहले भी कई उपयोगी नवाचार कर चुके हैं। उन्होंने वन विभाग के लिए अग्निशमन उपकरण और दिव्यांगजनों के लिए विशेष छड़ी सहित कई उपकरण तैयार किए हैं। अब ‘हपिडा स्काईनेक्स’ के सफल उड़ान परीक्षण के साथ उन्होंने स्वदेशी तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है।




















