– बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक को लेकर भाजपा पर बरसे कांग्रेस अध्यक्ष,
– इंडिया नज़र ब्यूरो | हल्द्वानी – कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान से उत्तराखंड में पार्टी के चुनावी अभियान का शंखनाद किया। प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हल्द्वानी से ही उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत की शुरुआत होगी और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
खरगे ने भाजपा पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मुद्दे पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि देश में करीब 30 लाख सरकारी पद रिक्त हैं। खरगे ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मेरिट के आधार पर बिना पैसे के सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए खरगे ने अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रवि टम्टा ने अपने स्तर पर उड़ने वाली कार तैयार करने का प्रयास किया है, जो उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा और नवाचार की क्षमता को दर्शाता है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर खरगे ने भाजपा पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते हैं, बाद में उन्हें ही भाजपा में शामिल कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कथित तौर पर ऐसे नेताओं को ‘वॉशिंग मशीन’ में डालकर साफ करने का काम कर रही है।
खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने खाद्य सुरक्षा कानून और मनरेगा जैसे कानून बनाए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए किसानों की कर्जमाफी का भी उल्लेख किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से विद्यार्थी परेशान हैं। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए सरकार से संसद में इस मुद्दे पर बहस कराने की चुनौती दी।
खरगे की जनसभा से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि जनसभा में आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को पुलिस जगह-जगह रोक रही है। यशपाल आर्य ने पुलिस प्रशासन पर सरकार के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
कांग्रेस की इस जनसभा को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने हल्द्वानी से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और विकास के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर रुख के संकेत दिए हैं।




















