– जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में निकली राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत यात्रा, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में रुद्रपुर में भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत यात्रा में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता कर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मशाल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा और जलती हुई मशालें थीं। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम के रंग में रंग गया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने विषम परिस्थितियों में अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता की अस्मिता और सीमाओं की रक्षा की। उनका त्याग और बलिदान देश की युवा पीढ़ी को सदैव राष्ट्रसेवा, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सर्वोपरि मानते हुए समाज में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अशोक नेगी, आदेश भारद्वाज, जय प्रताप भंडारी, रचित सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, भाजपा जिलामंत्री प्रमोद मित्तल, जितेंद्र संधू, दीपक, जसवंत, मनीश, मयंक सहित सैकड़ों युवा, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















