
| इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अमिट पहचान छोड़ने वाले प्रतिष्ठित समाजसेवी वीर मानवेंद्र सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उषा सिंह द्वारा 20 एवं 21 जुलाई 2026 को सेवा, संवेदना और मानवता को समर्पित दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वीर मानवेंद्र सिंह की स्मृतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनके समाजसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रेरणादायी प्रयास होगा।
कार्यक्रम के पहले दिन 20 जुलाई को तराई मॉडल एजेंसी परिसर में नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड्स (NAB) संस्था के दृष्टिबाधित एवं अन्य दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों के लिए खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कर आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
श्रीमती उषा सिंह वर्षों से इस संस्था के दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें जरूरी सामग्री उपलब्ध कराती रही हैं। उनका यह सतत प्रयास समाज के प्रति उनकी संवेदनशील सोच और सेवा भावना का परिचायक है।
दो दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन, 21 जुलाई को वीर प्रताप फिलिंग स्टेशन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सभी नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है। इसी अवसर पर वीर मानवेंद्र सिंह के नवनिर्मित स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

‘उनकी प्रेरणा आज भी मेरे साथ है’ : उषा सिंह
श्रीमती उषा सिंह ने कहा कि वीर मानवेंद्र सिंह आज भी उनकी प्रेरणा हैं और समाजसेवा का प्रत्येक कार्य उन्हें समर्पित है। उन्होंने कहा कि उनके पति का जीवन हमेशा जरूरतमंदों की सेवा, सहयोग और मानवता के लिए समर्पित रहा, और यही प्रेरणा उन्हें समाजहित के कार्य निरंतर करते रहने का संबल देती है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से दोनों कार्यक्रमों में सहभागिता कर वीर मानवेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा सेवा और सामाजिक सरोकार के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।




















