| इंडिया नज़र ब्यूरो बाजपुर – साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) ऊधम सिंह नगर द्वारा जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ममता पंत के निर्देशानुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बाजपुर प्रथम में विशेष साइबर एवं विधिक जागरूकता शिविर तथा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान बच्चों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी तथा तेजी से बढ़ रहे “डिजिटल अरेस्ट” जैसे साइबर फ्रॉड के नए तरीकों के बारे में सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी गई। पैरा लीगल वालंटियर (PLV) शिवानी ने बताया कि किस प्रकार साइबर ठग फोन कॉल, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए स्वयं को पुलिस, सीबीआई या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उनसे धन की ठगी करते हैं।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी या निजी दस्तावेज साझा न करें, किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और यदि कोई संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि सामने आए तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
शिविर में ब्रजवाला शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक तथा अन्य पात्र वर्ग बिना किसी शुल्क के कानूनी सलाह एवं अधिवक्ता की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
वहीं गीता शर्मा ने बच्चों से अपील की कि वे शिविर में मिली जानकारी अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होकर ठगी से बच सकें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए तथा जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन अपने कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति अधिक सजग बन सकें।
इस अवसर पर तहसील बाजपुर की पैरा लीगल वालंटियर शिवानी, ब्रजवाला शर्मा एवं गीता शर्मा ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बच्चों के साथ संवाद स्थापित किया और उन्हें साइबर सुरक्षा एवं विधिक अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।




















