– विधायक शिव अरोरा के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मुहर, लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर शहर को जल्द ही एक नई और ऐतिहासिक पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोककला और गौरवशाली इतिहास को दर्शाने वाला कुमाऊ का भव्य प्रवेश द्वार उत्तराखंड सीमा पर बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव विधायक शिव अरोरा द्वारा वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री को दिया गया था, जिसे अब धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
रुद्रपुर सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 20 फरवरी 2023 को उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रस्ताव भेजा था कि रुद्रपुर, कुमाऊ मंडल का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और इतिहास को प्रदर्शित करने वाला एक भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए 17 मई 2023 को इसे मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 677/2023 में शामिल कर लिया।
————————————————————————————————————————————-
“रुद्रपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊ का प्रवेश द्वार है। मेरी इच्छा थी कि यहां आने वाला हर व्यक्ति उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और इतिहास की पहली झलक इसी स्थान पर देखे। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने मेरे इस प्रस्ताव को स्वीकार कर इसे मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया, जिसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भव्य प्रवेश द्वार हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होगा और उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रुद्रपुर में विकास के जो संकल्प लिए गए थे, वे लगातार पूरे हो रहे हैं और आने वाले समय में शहर को कई और बड़ी सौगातें मिलेंगी।” – शिव अरोरा, विधायक रुद्रपुर
————————————————————————————————————————————-
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जिला विकास प्राधिकरण को इस परियोजना की डिजाइन और डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। अब प्राधिकरण द्वारा भव्य डिजाइन तैयार कर ली गई है और उसी के अनुरूप उत्तराखंड सीमा, डिग्री कॉलेज के समीप इस प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि प्रारंभ में यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाना था, लेकिन वर्तमान में इसकी जिम्मेदारी जिला विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है। डीपीआर लगभग तैयार है और स्वीकृति मिलते ही अगले 15 से 20 दिनों के भीतर निर्माण कार्य का टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

”करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रवेश द्वार केवल एक संरचना नहीं होगा, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, ऐतिहासिक धरोहर और अतिथि देवो भवः की भावना का प्रतीक बनेगा। प्रवेश द्वार परिसर में पर्यटकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, सुंदर उद्यान, पूछताछ केंद्र तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे कुमाऊ आने वाले पर्यटकों को बेहतर मार्गदर्शन और स्वागत का अनुभव मिल सके।”
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए उनके अधिकांश विकासात्मक संकल्प एक-एक कर पूरे हो रहे हैं और यह मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
पत्रकार वार्ता के दौरान मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, सिटी क्लब उपाध्यक्ष पंकज बांगा, पूर्व पार्षद सोनू अनेजा, राजेश पप्पल, अविनाश खन्ना, मनोज मदान, सुनील यादव, मयंक कक्कड़ सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















