– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने बुधवार को किच्छा में विवेकदीप सिंह के कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उनका पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। लेफ्ट पाहा नहर सहित कई स्थानीय समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा गया। अजय भट्ट ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और जनहित के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर विवेकदीप सिंह ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान में इज्जतनगर से संचालित गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन काठगोदाम-लालकुआं से शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे लालकुआं, किच्छा, इज्जतनगर और मार्ग के अन्य रेलवे स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। सांसद अजय भट्ट ने इस मांग को उचित बताते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी पैरवी कर सकारात्मक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने दरऊ चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक से बातचीत कर जानकारी ली। परियोजना निदेशक ने बताया कि दरऊ चौक पर प्रस्तावित करीब 3.5 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर की डीपीआर तैयार हो चुकी है और विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सांसद ने कहा कि फ्लाईओवर बनने से यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम होगी तथा दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। कार्यक्रम के दौरान शिखा में प्रस्तावित स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्वीकृति पर क्षेत्र के युवाओं ने भी सांसद अजय भट्ट का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और विकास कार्यों को लगातार गति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।




















