– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – हरेला पर्व के अवसर पर नगर निगम रुद्रपुर ने किच्छा रोड स्थित नव विकसित पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाकर 400 पौधे रोपे। इस मौके पर महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि कूड़े के पहाड़ को हटाकर विकसित किए गए इस पार्क का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में ‘अटल पार्क’ रखा जाएगा।

महापौर ने कहा कि जिस स्थान पर कभी कूड़े का विशाल ढेर था, आज वह शहर का हरित और सुंदर पार्क बन चुका है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर शहर का प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा।
उन्होंने हरेला पर्व को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
महापौर ने बताया कि नगर निगम का पौधारोपण अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के विभिन्न वार्डों, पार्कों व सार्वजनिक स्थलों पर छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर के रूप में विकसित करना है।




















