– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – जिला अस्पताल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (NID) 2026 का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा ने नवजात शिशुओं को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जिसके बाद विधायक ने फीता काटकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 28 जून से 30 जून 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत रुद्रपुर क्षेत्र में 0 से 5 वर्ष तक के 41,477 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसके तहत 147 पोलियो बूथ, 30 बूथ सुपरवाइजर, 108 घर-घर जाकर कार्य करने वाली टीमें, 11 ट्रांजिट टीमें तथा 1 मोबाइल टीम तैनात की गई है, जो प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाने का कार्य करेंगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वर्ष 2011 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया गया था, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक देना आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं और सरकार के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करें। अभियान के शुभारंभ के दौरान विधायक ने सुनीता चौहान, वैशाली भट्ट, निधि, छाया और पूजा सहित कई माताओं के नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक भी पिलाई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एस.पी. सिंह, डॉ. मीनाक्षी सुमन, पल्स पोलियो अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. जुनेद, पंकज गुसाईं, नंदलाल, प्रदीप महर, हेमचंद्र पंत, दीपा जोशी, अरुण बघेल, भैरव दत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




















