– काशीपुर से एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 11 आरोपी जेल भेजे गए; 15 अवैध हथियार और 350 कारतूस बरामद
रुद्रपुर – मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत उत्तराखंड एसटीएफ लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसटीएफ ने देर रात काशीपुर क्षेत्र में छापेमारी कर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
एसटीएफ की जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी फईम अहमद के पास से एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने जनपद शाहजहांपुर के नाम से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया था एसटीएफ द्वारा की गई गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्यों के आधार पर 4 जून 2026 को ऊधम सिंह नगर के काशीपुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान 27 जून की देर रात एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में काशीपुर क्षेत्र में सघन दबिश दी गई, जहां आरोपी फईम अहमद को गिरफ्तार किया गया।
ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ अब तक बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान 3 मुकदमे दर्ज, 11 आरोपी गिरफ्तार, 15 अवैध हथियार बरामद, 350 जिंदा कारतूस बरामद, बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद हुए है।
एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का संगठित नेटवर्क राज्य की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। एसटीएफ इस पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचकर प्रत्येक दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जांच में जिस भी व्यक्ति, दलाल, हथियार आपूर्तिकर्ता या फर्जी लाइसेंस धारक की संलिप्तता सामने आएगी, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसटीएफ ने फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस रखने वालों से अपील की है कि वे स्वयं आगे आकर अपने शस्त्र और लाइसेंस सहित एसटीएफ के समक्ष आत्मसमर्पण करें। अन्यथा जांच में चिन्हित होने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति के पास फर्जी या अवैध शस्त्र लाइसेंस संबंधी कोई जानकारी हो तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी सहित एसटीएफ की विशेष टीम शामिल रही।




















