– इंडिया नज़र ब्यूरो खटीमा/पंतनगर – पंतनगर की संजय कॉलोनी, वाल्मीकि कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी के निवासियों के हितों की रक्षा को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने एक बार फिर क्षेत्रवासियों की आवाज़ को मजबूती से उठाया। सोमवार को उन्होंने इन तीनों कॉलोनियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ खटीमा स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर वर्षों से इन बस्तियों में रह रहे परिवारों की समस्याओं और भावनाओं से अवगत कराया।
राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा कि इन कॉलोनियों में सैकड़ों परिवार लंबे समय से निवास कर रहे हैं। उनके मकान, रोजगार, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जीवन पूरी तरह इन्हीं बस्तियों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में किसी भी प्रकार की विस्थापन या उजाड़ने की कार्रवाई से हजारों लोगों का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इन बस्तियों को यथावत बनाए रखा जाए तथा क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत से बसाए गए आशियानों को बचाने के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय ले।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जनभावनाओं का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित विषय पर सभी तथ्यों एवं नियमों का परीक्षण कर न्यायोचित, मानवीय और सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, ताकि किसी भी परिवार के साथ अन्याय न हो। मुलाकात के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा के लिए उचित निर्णय लेगी।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का कहना है कि “पंतनगर की संजय कॉलोनी, वाल्मीकि कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी केवल बस्तियां नहीं हैं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों और संघर्षों का आधार हैं। इन लोगों ने वर्षों की मेहनत से अपने घर बसाए हैं। मैं क्षेत्र की जनता के साथ हमेशा खड़ा रहा हूं और आगे भी उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता रहूंगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हमारी बात गंभीरता से सुनी है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन परिवारों के हित में सकारात्मक एवं न्यायपूर्ण निर्णय लेगी। किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।”




















