– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने तीन फरार आरोपियों के घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए न्यायालय द्वारा जारी कुर्की नोटिस चस्पा किए। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
ऊधम सिंह नगर पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में रम्पुरा चौकी क्षेत्र के तीन ऐसे आरोपी, जो चोरी, मारपीट और जुए समेत विभिन्न मामलों में न्यायालय से लगातार फरार चल रहे थे, उनके घरों पर पुलिस ने दबिश दी। लेकिन आरोपी पुलिस और न्यायालय की पकड़ से बाहर मिले।

इसके बाद न्यायालय से कुर्की उद्घोषणा की अनुमति मिलने पर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के घरों और सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी करवाई। साथ ही उनके घरों पर संपत्ति कुर्की के नोटिस भी चस्पा किए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपी जल्द न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर जब्त कर लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य फरार अपराधियों पर दबाव बनाना और कानून का भय कायम करना है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं फरार अपराधियों और उनके करीबियों में खलबली मची हुई है।
ऊधम सिंह नगर पुलिस का साफ संदेश है कि कानून से भागने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होने वाला है। अब देखना होगा कि न्यायालय से फरार चल रहे ये आरोपी स्वयं सरेंडर करते हैं या फिर उनकी संपत्तियां कुर्क होने की कार्रवाई का सामना करते हैं।




















