– इंडिया नज़र ब्यूरो ऊधम सिंह नगर – उत्तराखंड को अपराधियों की शरणस्थली बनने से रोकने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तराखंड STF, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के एक वांछित ड्रग्स एवं हथियार तस्कर को बाजपुर से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशानप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था। आरोपी लंबे समय से फरार था और उत्तराखंड में छिपकर रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को पंजाब के अमृतसर में नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान ANTF और BSF की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान ईशानप्रीत पुलिस को चकमा देकर मकान की छत से कूदकर फरार हो गया था।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। बरामद हथियारों में विदेशी और चीनी निर्मित पिस्टल भी शामिल थीं। जांच में यह भी सामने आया कि हथियार और मादक पदार्थ पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के जरिए भारत भेजे गए थे।
एसएसपी STF के अनुसार, पंजाब पुलिस से मिली खुफिया सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी ऊधम सिंह नगर जिले में शरण लिए हुए है। इसके बाद STF ने निगरानी बढ़ाई और मंगलवार तड़के चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक पूछताछ के उपरांत पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अब पंजाब पुलिस उससे जुड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ करेगी।
STF अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य में बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों, गैंगस्टरों और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उत्तराखंड किसी भी अपराधी के लिए सुरक्षित ठिकाना न बन सके।




















