– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – विकासखंड रुद्रपुर द्वारा बनाये गए ग्राम आनंदपुर कटिंग में मुख्य मार्ग से नदी की पुलिया तक निर्मित 130 मीटर लंबी सी सी सड़क का लोकार्पण पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने संयुक्त रूप से किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि आनंदपुर कटिंग को ग्राम इंदरपुर से जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था और सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम से बरसात से पूर्व सड़क निर्माण कराने को कहा था। इसके बाद स्थलीय निरीक्षण कर ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम द्वारा आवश्यक बजट स्वीकृत किया गया और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कर सड़क को जनता को समर्पित कर दिया गया।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ऐतिहासिक विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए विकासखंड स्तर पर निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकासखंड प्रशासन प्रतिबद्ध है। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला द्वारा अपने कार्यकाल में किच्छा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों का लाभ आज भी क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। उनके प्रयासों से सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों ने किच्छा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। यही कारण है कि आज किच्छा क्षेत्र निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने किया !
कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार पांडे ने भी संबोधित किया!
इस दौरान कार्यक्रम में हरिवंश राजभर, प्रमोद गुप्ता, नारायण पाठक, नितिन चरण वाल्मीकि, मेजर सिंह, रजनीश कुमार, सैयद इफ्तार मियां समेत सैकड़ो उपस्थित है!




















